अमेठी के बनियानी गांव में लगी आग को बुझाते ग्रामीण।
अमेठी। बनियानी गांव के रहने वाले श्याम लाल चौहान के मकान में बुधवार दोपहर संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग पर जब तक दमकलकर्मी और ग्रामीण काबू पाते मकान में मौजूद सामान जलकर राख हो गया।
श्याम लाल चौहान के मुताबिक बुधवार को वह खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान उनके मकान में आग लग गई। मकान से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने उन्हें मामले की जानकारी दी। भागकर घर पहुंचे तो मकान में आग लगी देखी। दमकल को सूचना देते हुए ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब 10 मिनट बाद दमकलकर्मी पहुंचे और आग पर काबू पाया।
श्याम लाल ने बताया कि आग से मकान में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट होग गया। अग्निशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने बताया कि आग लगने की जानकारी पर टीम ने मौके पर पहुंचकर काबू पाया। बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। एसडीएम आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मौके पर लेखपाल को भेज नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार को शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता दी जाएगी। संवाद