मुंशीगंज एचएएल कोरवा गेट नंबर दो के सामने स्थित गोदाम में लगी आग। स्रोत: स्थानीय
मुंशीगंज। एचएएल कोरवा गेट नंबर दो के सामने स्थित फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र के बधुआ खुर्द बनकेपुर गांव निवासी पुष्पा देवी कोरारी लक्षनशाह निवासी सुरेश सिंह के मकान में लकी फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक नाम से दुकान और गोदाम संचालित करती हैं। पुष्पा के मुताबिक भवन के ऊपरी हिस्से में उनका परिवार रहता है। शुक्रवार रात दुकान बंद होने के बाद अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। मामले की जानकारी पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
अमेठी, गौरीगंज, मुसाफिरखाना और एचएएल फायर स्टेशन की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर तब तक गोदाम में रखा फर्नीचर, एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर सहित अन्य सामान जल चुका था। आग की चपेट में आकर मकान की दीवारें, दरवाजे, खिड़कियां और टाइल्स भी क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकान संचालक पुष्पा देवी ने बताया कि आग में दुकान का अधिकांश सामान जल गया। आग से 50 लाख का नुकसान हुआ है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।