गौरीगंज (अमेठी)। पिछले दिनों वायरल हो रहे वीडियो में एक युवती ने अपने को नेशनल शूटर बताते हुए केंद्रीय मंत्री के पीआरओ पर केंद्रीय महिला आयोग में सदस्य बनाने के नाम पर पैसे की मांगने का आरोप लगाते हुए स्मृति व पीआरओ को नार्को टेस्ट कराने को कहा था। स्मृति के पीआरओ की तहरीर पर मुसाफिरखाना थाने में वर्तिका सिंह व सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले कमल किशोर कमांडो पर आईपीसी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में एक युवती ने अपने को नेशनल शूटर वर्तिका सिंह बताते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व उनके पीआरओ विजय गुप्त पर गंभीर आरोप लगाया था। युवती ने वीडियो में कहा था कि उसे केंद्रीय महिला आयोग में सदस्य बनाने के लिए पैसों की मांग की गई। उसने केंद्रीय मंत्री व उनके पीआरओ को उसके साथ अपना नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी। वीडियो में महिला स्मृति से निवेदन कर रही थी कि उसके साथ गलत हुआ है।
युवती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी प्रकरण की जांच कराते हुए न्याय की बात कही थी। वीडियो वायरल होने के बाद स्मृति के पीआरओ विजय गुप्त ने मुसाफिरखाना कोतवाली में तहरीर देकर आईपीसी व आईटी एक्ट के तहत जिला प्रतापगढ़ के गांव रामचंद्रपुर निवासी केपी सिंह की पुत्री वर्तिका सिंह व कमल किशोर कमांडो के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
तहरीर में कहा गया है कि एक पत्र जो स्मृति की ओर से रायबरेली की तहसील सलोन में अस्पताल निर्माण के लिए आयुष राज्यमंत्री भारत सरकार को लिखा गया था, में वर्तिका की ओर से कूटरचना कर मेरे विरुद्ध निराधार व असत्य आरोप लगाकर मानसिक रूप से परेशान करने व सामाजिक छवि को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया है। तथा प्रधानमंत्री के नाम पर भी कूटरचित पत्र लिखा गया है।
कमल किशोर कमांडो ने भी सोशल मीडिया पर तथ्यों को जाने बगैर फर्जी तरीके से वायरल कर उनकी सामाजिक छवि को खराब किया। पीआरओ ने प्रकरण की जांच कर दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एएसपी दयाराम सरोज ने केस दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच साइबर सेल व पुलिस द्वारा की की जा रही है। जांच पूरी होने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।