गौरीगंज (अमेठी)। जिले में सोमवार को कोरोना टीकाकरण का फइनल ड्राई रन होगा। इसके लिए 32 प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। सभी प्वाइंट पर 15-15 लोग बुलाए गए हैं। वैक्सीन लगाने का रिहर्सल 10 बजे शुरू किया जाएगा।
शासन के निर्देश पर पांच जनवरी को जिले के छह सीएचसी पर कोरोना वैक्सीन लगाने का रिहर्सल किया गया था। पहला ड्राई रन कार्यक्रम सफल होने के बाद सोमवार को जिले के 13 सीएचसी समेत 32 प्वाइंट पर वैक्सीन लगाने का फाइनल ड्राई रन होगा।
इसके लिए नामित स्वास्थ्य कर्मी व व्यवस्था में लगाए गए पुलिस कर्मियों से सुबह 10 बजे अपने सेंटर पर पहुंच ड्राई रन में हिस्सा लेने को कहा गया है। वैक्सीन लगाने के लिए केंद्रों पर 15-15 लोगों को बुलाया गया है। केंद्र पर मौजूद प्रथम वैक्सीनेशन अफसर लाभार्थी का सत्यापन करने के बाद उन्हें प्रतीक्षालय में बैठाएगा।
वैक्सीनेशन कक्ष में एक-एक व्यक्ति को भेजने के साथ ही कक्ष से निकलने के बाद उन्हें तीसरे कक्ष में बने प्रतीक्षालय में 30 मिनट तक रोका जाएगा। 30 मिनट के बाद उसे घर भेज दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने कई सेंटरों का रविवार को निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत जांची। सीएमओ ने बताया कि तैयारी पूरी है।