जगदीशपुर (अमेठी)। जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में शुक्रवार देरशाम जमीन की रंजिश को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। बात बढ़ने पर एक पक्ष ने दूसरे भाई और उसके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग सहित उसके परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल लाया गया। बुजुर्ग को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक के भाई सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव निवासी रामनेवाज और उनके भाई रामजग के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार देर शाम विवाद वाली जमीन से निकलने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रामनेवाज के बेटे रामचरण ने बताया कि उसके चाचा रामजग ने परिवार सहित मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में रामनेवाज (80), उसकी पत्नी सुषमा, बेटा रामचरण व शिवचरण गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने घायलों को जगदीशपुर सीएससी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग रामनिवास को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी व दो बेटों का इलाज किया गया है। थाना अध्यक्ष दयाशंकर मिश्र का कहना है कि प्रथम दृष्टि यह प्रतीत हो रहा है कि झगड़े की दहशत में आकर बुजुर्ग की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मुकदमा दर्ज कर पड़ताल की जा रही : सीओ
सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह का कहना है कि अलीनगर गांव निवासी रामजग द्वारा अपने घर के सामने कुछ काम किया जा रहा था। इस बीच रामजग के सगे भाई रामनेवाज के पुत्रों से विवाद होने लगा। विवाद में हाथापाई हुई। तभी वहां मौजूद शारीरिक रूप से कमजोर अस्सी वर्षीय रामनेवाज वहां गिर गए। उन्हें अस्पताल भेजा गया। जहां मौत हो गई। मामले में वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।