संग्रामपुर (अमेठी)। शादी में घराती और बरातियों के बीच मारपीट के दौरान चार लोग जख्मी हो गए। एंबुलेंस बुलाकर जब चारों को अस्पताल भेजा जा रहा था चालक और ईएमटी को पीटकर तो बाइकसवार दबंग एंबुलेंस ही ले उड़े। हालांकि पुलिस ने जीपीएस की मदद से एंबुलेंस को प्रतापगढ़ से बरामद कर लिया।
करनाईपुर गांव निवासी जयप्रकाश गुप्ता की बेटी की शादी के दौरान यह घटना हुई। बरात प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के अमिलहना गांव से आई थी। द्वारपूजा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। नोनरा गांव निवासी तीरथराज ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस मंगवाई। एंबुलेंस चालक संजय तिवारी और ईएमटी अमित पटेल घायलों को लेकर सीएचसी संग्रामपुर की ओर जा रहे थे। तभी सहजीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक सवार चार अज्ञात युवकों ने एंबुलेंस को ओवरटेक कर रोकवाया।
आरोप है कि उन्होंने एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर चालक और ईएमटी की पिटाई की और एंबुलेंस लेकर घायलों सहित मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही अमेठी, संग्रामपुर, रामगंज, पीपरपुर तथा प्रतापगढ़ के अंतू थाने की पुलिस हरकत में आई। जीपीएस के जरिये लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने एंबुलेंस को प्रतापगढ़ से बरामद कर लिया, लेकिन उसमें सवार घायल और आरोपी नहीं थे।
तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज
एंबुलेंस चालक संजय तिवारी की तहरीर पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, शादी में हुई मारपीट को लेकर राहुल पाल की तहरीर पर राहुल वर्मा सहित चार नामजद व अज्ञात के विरुद्ध तथा राहुल वर्मा की ओर से प्रिंस वर्मा सहित चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच के बाद होगी कठोर कार्रवाई
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि करनाईपुर निवासी प्रिंस वर्मा और प्रतापगढ़ के अमिलहना निवासी राहुल वर्मा के बीच बरात के दौरान विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई और घायलों को सीएचसी ले जा रही एंबुलेंस को रास्ते में रोका गया। चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।