अमेठी सिटी। मौसम में बदलाव होने के कारण जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल में औसतन प्रतिदिन 750 से 800 मरीजों की ओपीडी हो रही है, जिसमें सिर्फ बुखार से पीड़ित करीब 350 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
दिन में तेज धूप और सुबह व शाम ठंड पड़ रही है। ऐसे में कपड़े पहनने में लापरवाही के चलते लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों को खांसी, वायरल बैक्टीरियल संक्रमण हो रहा है। ब्रोंकाइटिस के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है।
सामान्य बुखार संक्रमण के अलावा मरीजों को पोस्ट-वायरल ब्रोंकाइटिस का भी सामना करना पड़ रहा है। इसमें बुखार उतरने के दो से तीन सप्ताह बाद भी फेफड़ों की एलर्जी हो रही है। बुखार, गले में खराश और सामान्य वायरल के मरीज 30 फीसदी बढ़े हैं। बताया कि घर से बाहर निकलने पर सर्द हवा से बचने के लिए गर्म कपड़े जरूर पहनें।
ये हैं लक्षण
दिन गर्म और रात ठंडी होने से तापमान के बीच अंतर है। इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, खानपान में बदलाव से कमजोर प्रतिराेधक क्षमता वाले लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। एक-दो दिन तेज बुखार, लगातार खांसी, पसलियों में दर्द, थकावट खासकर शाम को, गले में दर्द और बेचैनी, नाक बंद होना, कान में दर्द की शिकायत हो रही है।