जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़। -संवाद
अमेठी सिटी। मौसम का बदला मिजाज लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। बारिश और तापमान में गिरावट के कारण लोग सर्दी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। चिकित्सक दवा देने के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को 770 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 403 मरीज बुखार, 107 खांसी और 136 सर्दी-जुकाम से पीड़ित रहे। बाकी मरीज अन्य बीमारियों के इलाज के लिए पहुंचे। फिजिशियन की ओपीडी में पहुंचे मिसरौली निवासी रामअचल तिवारी ने बताया कि मौसम बदलने से सर्दी-जुकाम और बुखार हो गया है। जांच के बाद चिकित्सक ने दवा दी है।
सात्विक तिवारी ने बताया कि वह भी सर्दी-जुकाम से परेशान हैं। ताला निवासी शरद शुक्ल ने बताया कि गले में संक्रमण होने से भोजन करने में परेशानी हो रही है। डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि इस समय ठंडा पानी, कोल्डड्रिंक और आइसक्रीम से परहेज करना चाहिए। इनके सेवन से गले और फेफड़ों में संक्रमण बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि मरीज खानपान में बदलाव करें और मौसमी फलों व हरी सब्जियों का सेवन बढ़ाएं। संतरा, अंगूर, खीरा, तरबूज और ककड़ी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार हैं।
बरतें ये सावधानी
धूप से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी या कोल्डड्रिंक न पिएं।
सुबह और रात में शरीर को पूरी तरह ढककर रखें।
नियमित दिनचर्या अपनाएं और पर्याप्त नींद लें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
बुखार तीन दिन से अधिक रहे तो डॉक्टर से संपर्क करें।