अमेठी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे सर्विस रोड पर मटियारी कला गांव के पास मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार पिता की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई, जबकि बेटा समेत चार अन्य घायल हो गए।
मटियारी कला गांव निवासी देवनाथ (32) बेटे प्रिंस (12) के साथ किसी निमंत्रण में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर बाजार शुकुल क्षेत्र के पूरे गोडियन संसारपुर निवासी अमरजीत (32), संदीप (22) और धर्मराज उर्फ पन्नी (32) सवार थे। हादसे में पांचों लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पीएचसी कुमारगंज अयोध्या पहुंचाया गया। देवनाथ को लखनऊ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अमरजीत का इलाज सोहावल स्थित निजी चिकित्सालय में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालकों ने हेलमेट पहना था। देवनाथ की मौत के बाद पत्नी नीलू का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी प्रियांशी, श्रेयांशी, दिव्यांशी और बेटे वैभव की आंखों से आंसू नहीं थम रहे।