सिंहपुर (अमेठी)। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुसुंभी गांव में बुधवार एक परिवार के लिए काला दिन साबित हुआ। बाइक से किसी काम से बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ गए पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत की सूचना गांव पहुंची तो कोहराम मचा गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। देरशाम तक शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव पहुंचे की उम्मीद है। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुसुंभी निवासी रामराज रावत (54) अपने पुत्र नरेंद्र कुमार रावत (18) के साथ किसी काम से बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ गए थे। रास्ते में हैदरगढ़-रायबरेली मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर में दोनों की मौत हो गई। पिता-पुत्र के मौत की सूचना गांव पहुंची तो किसी को अनहोनी पर भरोसा नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। परिजनों की करुणावेदना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा गया। मृतक रामराज की पत्नी भाग्यवती व विवाहित पुत्र सुरेंद्र, मलखान व पुत्री लक्ष्मी का रो-रोकर हाल बेहाल है। भाग्यवती पति व पुत्र के मौत के बाद बेहोश हो जा रही है। उसके मुंह से सिर्फ एक शब्द निकल रहा था कि पता होता कि अब लौटेंगे नहीं, तो उन्हें जाने नहीं देती।
पढ़ने में होशियार और मिलनसार था नरेंद्र
इंटरमीडिएट के छात्र नरेंद्र कुमार की मौत के बाद गांव वाले सिर्फ कह रहे है कि पढ़ने में होशियार व मिलनसार बच्चे की असमय हुई। मौत से गांव का एक होनहार बेटा चला गया। देर शाम तक पोस्टमॉर्टम के बाद शव गांव पहुंचे की उम्मीद है। पिता-पुत्र की मौत की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग घर पर पहुंच पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।