गौरीगंज तहसील परिसर में प्रदर्शन करते भाकियू पदाधिकारी व किसान। -संवाद
अमेठी सिटी। यूरिया की कमी और चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार के विरोध में सोमवार को किसानों ने गौरीगंज तहसील में प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए किसानों ने डीएम को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन एसडीएम प्रीति तिवारी को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष नफीस चंदेल की अगुवाई में किसानों ने अपनी आवाज बुलंद की। कहा कि जिले में यूरिया की कमी संग कालाबाजारी हो रही है। जगदीशपुर, बाजारशुकुल सहित अन्य ब्लॉकों में समितियों व केंद्रों पर यूरिया नहीं है। किसान यूरिया के लिए भटक रहे हैं। निजी दुकानदार किसानों का शोषण कर रहे हैं। विभाग के अफसर एसी दफ्तरों से निकलने का नाम नहीं लेते। किसानों ने केंद्रों पर यूरिया उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जगदीशपुर स्थित चकबंदी कैंप कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते किसानों की फाइल पर अलग तारीख और कंप्यूटर पर अलग तारीख देकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मियों की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि घरेलू बिजली उपभोक्ता त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों को ठीक कराने के लिए सहायक अभियंताओं के कार्यालयों का चक्कर काट रहे है।
उपकेंद्र स्तर पर कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराया जाए। दुर्गा पूजा व दशहरा पर्व को लेकर जगदीशपुर कस्बा बाजार की सड़कों की मरम्मत कराई जाए। इस दौरान मुन्नी देवी, देवनाथ यादव, सफीक गुर्जर, प्रदीप पाठक, फिरोज गुर्जर, राम सुमेर, सीताराम, भानु सिंह आदि मौजूद रहे।