अमेठी सिटी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष नफीस चंदेल की अगुवाई में किसानों ने शुक्रवार को गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों की ऋण माफी, सम्मान निधि दोगुनी करने संग 17 सूत्री ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि किसान आज भी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में छोटे व सीमांत किसानों के सभी कृषि ऋण पूरी तरह माफ किए जाएं। गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। इसके अलावा बकाया धनराशि का ब्याज सहित शीघ्र भुगतान, स्मार्ट मीटर हटाकर मुफ्त या रियायती बिजली आपूर्ति, निराश्रित मवेशियों की रोकथाम के लिए ठोस नीति लागू करने संग गोशालाओं का संचालन कराया जाए।
वहीं फसल बीमा में सुधार, एमएसपी को कानूनी दर्जा, पेंशन योजना लागू किए जाने और कृषि उपज की बिक्री के लिए सभी जिले में मंडियों की स्थापना कराई जाए। किसान सम्मान निधि की राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये करना, डीजल-पेट्रोल पर टैक्स माफी, कृषि अनुसंधान केंद्रों की स्थापना, किसानों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने संग नीति निर्माण में किसान भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कृषि लागत बढ़ी है और उत्पादन मूल्य में गिरावट आई है। इस दौरान गुड़िया सिंह, सफीक गुर्जर, वजीरुल हसन, भानु सिंह आदि मौजूद रहे।