अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज तहसील सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में डीएम, सीडीओ, पुलिस और अन्य विभागों के कई जिम्मेदार अफसरों के नहीं पहुंचने से किसान नाराज हो उठे। किसानों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया।
किसान दिवस में पहुंचे किसान नेता हरीश सिंह चुन्नू ने कहा कि सरकारी अस्पताल और पुलिस विभाग से संबंधित कई मुद्दों पर बात करनी थी, लेकिन कोई अफसर नहीं आया था। किसानों को दिए जा रहे पौध उन्होंने मनरेगा आदि से कराए जाने की मांग उठाई। किसान नेता रीता सिंह ने पूर्ति विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। किसान राकेश मिश्र ने जिले में बदहाल आपूर्ति, विद्युत बिल आदि की समस्याएं उठाईं।
वहीं, किसान कमलाकांत ने नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग रखी। मौजूद अफसरों ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल सुरक्षा, कीट व चूहा नियंत्रण और फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर व्यावहारिक जानकारी दी।
इस दौरान उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार, सीवीओ, अधिशासी अभियंता सिंचाई, नलकूप, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के अफसर मौजूद रहे।