अमेठी सिटी। आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन की जिला इकाई ने बुधवार को डीएम, सीडीओ व जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबोधित मांग पत्र सौंपा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने केंद्रों पर ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है।
आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन की जिला इकाई ने दिएमांग पत्र में बताया है कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। 20 मई से सभी परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश हो गया है। जिले के ज्यादातर आंगनबाड़ी केंद्र परिषदीय विद्यालयों में संचालित हैं। भीषण गर्मी के चलते तीन से छह वर्ष के बच्चों को आंगबाड़ी केंद्रों पर पहुंचने व बैठने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में सभी विद्यालयों की तरह आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग उठाते हुए कहा है कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं की ओर से समय-समय पर टेक होम राशन वितरण, गृह भ्रमण, टीकाकरण आदि कार्यों को सुचारू रूप से किया जाएगा। इस दौरान जिला संरक्षक देशराज तिवारी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिंदू गुप्ता, जिला मंत्री सुदामा देवी, आशा देवी आदि मौजूद रहे।