फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: खेत गए किसान पर धारदार व लाठियों से हमला, अस्पताल में मौत

Tue, 01 Oct 2024 05:04 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
जिला अस्पताल में रामगोपाल की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
विज्ञापन
जामो (अमेठी)। खेत गए किसान पर सोमवार सुबह दबंगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। किसान को मरणासन्न छोड़ कर दबंग मौके से भाग निकले। परिजन जख्मी को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां पर उनकी मौत हो गई। परिजन गोली मारने का भी आरोप लगा रहे हैं। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात की गई है।
विज्ञापन

जामो थाना क्षेत्र के पूरे मंगल गांव निवासी किसान रामगोपाल (50) का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह जब रामगोपाल अपने खेत गए तो राजकुमार, सोनू, संजय, संदीप, तनु व विकास के साथ परिवार की दो महिलाएं लाठी-डंडों और धारदार हथियार से लैस होकर वहां पहुंचे और रामगोपाल पर जानलेवा हमला कर दिया। उनको मरणासन्न कर सभी भाग निकले। शोर-गुहार सुनकर परिजन मौके पहुंचे और रामगोपाल को जामो सीएचसी पहुंचाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने रामगोपाल की बहन रामावती की तहरीर पर छह नामजद व दो अज्ञात महिलाओं पर जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया। रामावती ने आरोपियों पर गोली मारने का भी आरोप लगाया है। इसी बीच सीएचसी में रामगोपाल की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद सीओ अखिलेश वर्मा घटनास्थल पहुंच और मामले की जांच की। इधर गौरीगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जामो एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि मामले में नामजद चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन


पुलिस कार्रवाई करती तो नहीं होती घटना
जिला अस्पताल में रामगोपाल की मौत के बाद बेटी प्रियंका ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार उनके परिवार पर हमला कर चुके है। जब भी उनके पिता शिकायत लेकर थाने जाते थे पुलिस उन्हें ही थाने में बैठा लेती थी। 10 दिन पहले भी आरोपियों ने उनके पिता के साथ चाचा रामपाल, सुजीत, चाची तारावती पर हमला किया था। जिसमें उनके पैर टूट गए, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस उन्हें नहीं दिखा रही है। सोमवार सुबह पिता जब खेत गए थे तो आरोपियों ने दौड़ाकर गोली मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई।

छिन गया परिवार का सहारा
रामगोपाल की मौत के बाद पत्नी श्रीमता और उनके बच्चों का सहारा छिन गया। रामगोपाल के परिवार में 25 साल की बेटी प्रियंका, 20 वर्ष की सोना, पंद्रह वर्षीय बेटा करन व बारह वर्षीय बेटा अर्जुन हैं। रामगोपाल ने दोनों बेटियों की शादी कर दी है।

छह सितंबर को हुआ था विवाद
पुलिस के अभिलेखों के अनुसार छह सितंबर को बिजली का तार टूटने के बाद मरम्मत के लिए चंदा नहीं देने पर रामगोपाल पक्ष व आरोपी पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एनसीआर दर्ज की थी। इसके बाद चार-चार लोगों को शांतिभंग के आदेश में पाबंद करते हुए एसडीएम कोर्ट में चालान भेजा था। जहां से सभी को जमानत मिल गई थी।

मामले में हो रही वैधानिक कार्रवाई
एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि राम गोपाल की मौत की सूचना पर दर्ज केस में धाराएं बढ़ाते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। परिजन की ओर से गोली मारने का लगाया जा रहा आरोप निराधार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियातन फोर्स तैनात की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें