अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले सांड़ के हमले में घायल किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नेवादाकनू निवासी रामकृपाल (59) बुधवार को अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। रामकृपाल की आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़े तो सांड़ ने उन लोगों को भी दौड़ा लिया। सभी लोगों ने पास स्थित बाग में जाकर पेड़ पर चढ़कर किसी तरह जान बचाई। इसके बाद किसी तरह सांड़ को भगाया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल रामकृपाल को अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद घर लेकर चले आए।
शुक्रवार सुबह दोबारा हालत बिगड़ते ही परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रामकृपाल की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बुजुर्ग किसान खेती के अलावा रोजमर्रा की मजदूरी करते थे। एसएचओ संदीप राय ने बताया कि सूचना के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पिछले एक वर्ष से सांड़ के उत्पात से कई गांवों के लोग परेशान हैं।