मुसाफिरखाना। रामशाहपुर-हरदोईया मार्ग पर डारीडीहा के पास मंगलवार रात बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार कारीडीहन मजरे हरदोइया निवासी अशोक कुमार (36) की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पत्नी मीरा के मुताबिक, अशोक कुमार मंगलवार को साइकिल से सब्जी लेकर मुसाफिरखाना से घर लौट रहे थे। रामशाहपुर-हरदोइया मार्ग पर डारीडीहा के पास पुल के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार वाहन समेत मौके से चला गया। गंभीर रूप से घायल अशोक को स्थानीय लोगों ने सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। वहां से भी हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बाइक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पिता की मौत से बिलख उठे बच्चे
अशोक कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां सूर्यकला बेटे को याद कर बिलख उठीं। पत्नी मीरा का रो-रोकर बुरा हाल है। डेढ़ वर्षीय बेटी आराध्या मां को रोता देख सहम गई। बेटी सुधा और बेटा अनुराग पिता की मौत से फफक पड़े। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।
अशोक कुमार