उमापुर भगवानपुर गांव में गमगीन परिजन। स्रोत : स्थानीय
अमेठी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर बारामासी के पास शुक्रवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से उमापुर भगवानपुर गांव निवासी किसान सिकंदर अली (80) की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सिकंदर अली पैदल बारामासी बाजार जा रहे थे। वह क्रॉसिंग के पास रेल ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने हॉर्न भी बजाया था। मगर सिकंदर अली को सुनाई नहीं दिया।
हादसे के बाद मालगाड़ी चालक ने स्टेशन अधीक्षक और जीआरपी को घटना की जानकारी दी। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथमदृष्टया हादसे में किसी की लापरवाही की बात सामने नहीं आई है। ट्रैक पार करते समय किसान सिकंदर अली की मालगाड़ी की चपेट में आने की बात सामने आई है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
बीमार पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
सिकंदर अली अपनी बीमार पत्नी के साथ घर में रहते थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनके चार बेटे ताज मोहम्मद, शकील अहमद, जान मोहम्मद और फिरोज खान पिता की मौत से गमगीन हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण उन्हें सांत्वना देने में जुटे रहे।