गौरीगंज में बिजली लाइन की मरम्मत करता ऊर्जा निगम कर्मी।स्रोत-ऊर्जा निगम
अमेठी सिटी। भारी बारिश के बीच जिले में बिजली संकट बढ़ गया। बृहस्पतिवार रात कई इलाकों में चार से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार को दिनभर बिजली का बार-बार कटना जारी रहा, जिससे घरों, बाजारों और कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हुआ।
गौरीगंज वितरण खंड के आठ उपकेंद्र क्षेत्रों में बृहस्पतिवार रात करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। जामो उपकेंद्र के गौरा फीडर पर बृहस्पतिवार रात 10 बजे से शुक्रवार शाम चार बजे तक आपूर्ति बाधित रही। जेई सतीश कुमार ने बताया कि पावर हाउस के पास तार पर पेड़ गिरने से यह समस्या आई। तिलोई वितरण खंड में बृहस्पतिवार रात करीब चार घंटे बिजली बाधित रही। जायस और तिलोई उपकेंद्र क्षेत्रों में भी कई बार बिजली आने-जाने से लोग परेशान हुए। जगदीशपुर वितरण खंड के सात उपकेंद्र क्षेत्रों में चार से छह घंटे तक कटौती हुई। शुक्रवार दिन में भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी।
उपभोक्ताओं को हुई परेशानी बार-बार बिजली कटने से दुकानों और कार्यालयों का काम प्रभावित हुआ। बहोरखा निवासी पवन पांडेय ने बताया कि रातभर बिजली न आने से इन्वर्टर की बैटरी खत्म हो गई। उमस के कारण पंखे और कूलर बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। शाहगढ़ के बृजलाल ने मोबाइल चार्ज न होने की शिकायत की, जबकि गौरीगंज निवासी रामाशंकर ने पानी की मोटर न चलने की बात कही। अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बारिश से स्थानीय खराबियां बढ़ी हैं और मरम्मत के लिए आपूर्ति रोकनी पड़ी।