अमेठी सीएचसी में रामलखन की मौत के बाद रोते-बिलखते रिजन। स्रोत: स्थानीय
अमेठी। मोचवा सुल्तानपुर गांव निवासी किसान रामलखन (65) की शुक्रवार को कुछ लोगों ने उनके घर पहुंचकर पिटाई कर दी। इससे उनकी मौत हो गई। आरोप है कि बरात में हुए विवाद से नाराज लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हार्ट अटैक से मौत की बात कहते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
परिजनों के अनुसार रामलखन बृहस्पतिवार शाम पीपरपुर गांव में बरात में शामिल होने गए थे। वहां भोजन को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया था। बताया गया कि रामलखन ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया था। इसी बात को लेकर कुछ लोग उनसे नाराज हो गए।
आरोप है कि शुक्रवार सुबह बरात से लौटने के बाद कुछ लोग उनके घर पहुंच गए और उनकी पिटाई कर दी। घायल रामलखन को सीएचसी अमेठी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामलखन की मौत के बाद परिवार में शोक छा गया। बेटे फूलचंद और राजेश तथा बेटियां रीता, संगीता, सुनीता और अनिता गमगीन हैं। घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा।
सीओ मनोज मिश्र ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।