सिंहपुर के बड़ानापुर में गमगनी बैठे परिजन। स्रोत: ग्रामीण
सिंहपुर। शिवरतनगंज के दांदूपुर गो आश्रय स्थल के पास इन्हौना के बड़ानापुर गांव निवासी किसान रामदुलारे (60) की मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आई है। पैनल से हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस की जांच की दिशा बदल दी है। सोमवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने हत्या का आरोप दोहराते हुए रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अंतिम संस्कार रोक दिया। अफसरों के समझाने के बाद भी खबर लिखे जाने तक परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया था।
परिजनों ने रविवार को तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। मामले की जांच के लिए गठित चार टीमें घटनास्थल और सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। रामदुलारे को अस्पताल पहुंचाने वाले दोनों युवकों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
जांच टीम तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आने के बाद भी परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि रविवार शाम दांदूपुर गो आश्रय स्थल के पास रामदुलारे की तबीयत बिगड़ गई थी। दो युवक उन्हें सीएचसी सिंहपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। रामदुलारे मृत गोवंशों के निष्पादन का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।एसपी सवरणन टी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है। मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।