अमेठी। वेलेंटाइन वीक की शुरुआत शुक्रवार को रोज-डे के साथ हो गई। इस खास दिन पर युवक-युवतियों ने अपने चाहने वालों को गुलाब का फूल देकर चाहत का इजहार किया। बाजार में लाल, गुलाबी, सफेद, पीला, बरगंडी आदि रंग के गुलाब बिके। युवाओं ने एक-दूसरे को गुलाब का फूल दिया।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने वेलेंटाइन वीक के लिए कई दिनों से तैयारी शुरू कर दी थी। परिजन और दोस्तों को भी गुलाब का फूल देकर रिश्ते की महक का अहसास कराया। विवाहित जोड़ों में फूल खरीदने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। इस खास मौके पर गुलाबों की मांग को देखते हुए फूल विक्रेताओं ने भी इस अवसर को भुनाने की तैयारी कर ली है। आम दिनों में बिकने वाला 10 रुपये का गुलाब रोज डे पर 20 से 30 रुपये तक बेचा गया। ज्यादातर मांग लाल और पीले रंग के गुलाब की थी।
फूल की दुकानों व गिफ्ट गैलरियों पर आर्टिफिशियल गुलाब की भी मांग रही। गिफ्ट शाॅप के मालिक अनूप अग्रहरि ने बताया कि आर्टिफिशियल गुलाब 40 रुपये से लेकर 250 रुपये तक में उपलब्ध हैं। आर्टिफिशियल गुलाब के गुलदस्ता की भी खूब बिक्री हुई। दुर्गापुर रोड स्थित फूल बेचने वाले विजय माली ने बताया कि रोज-डे पर गुलाब के फूलों की अच्छी खासी मांग थी। उन्होंने भी प्रतापगढ़ डेरवा से स्पेशल फूल मंगाए थे।
शहर के गुड़मंडी स्थित रोहित उर्फ बाबा ने बताया कि अन्य फूलों की मांग तो कम रही, लेकिन गुलाब के फूल ने खूब धूम मचाई। गुलाब के फूल की कली 20 से शुरू होकर 40 रुपये तक थी। जबकि बुके की कीमत 150 से 500 रुपये है। सामान्य दिनों में एक गुलाब की कीमत 10 रुपये होती है। रो-डे की वजह से बड़े शहरों से गुलाब नहीं आ पाया, इसलिए गुलाब के फूल दोगुने दाम में बिके।
हर रंग का गुलाब कुछ कहता है...
दुकानदार मनोज अग्रहरि ने बताया कि अलग-अलग रंगों के गुलाब का अपना महत्व होता है। लाल रंग का गुलाब प्रेमी और पार्टनर को दिया जाता है। वहीं, पीले रंग का गुलाब दोस्ती का प्रतीक होता है। गुलाबी गुलाब भावुकता और सम्मान और पवित्रता दर्शाने के लिए, सफेद गुलाब अनकहे एहसास, ऑरेंज रोज इच्छाओं को व्यक्त करने की अनुमति देने और लैवेंडर रोज एकतरफा प्यार को दर्शाते हैं।
दूर रहने वालों ने इंटरनेट मीडिया का लिया सहारा
इंटरनेट मीडिया से बेहतर व सरल माध्यम अपनी भावनाएं साझा करने का कोई और नहीं हो सकता। रोज-डे पर भी युवाओं ने फेसबुक, वाट्सएप, इंस्टाग्राम जैसी सोशल साइट्स पर भावनाएं साझा कीं। इससे एक-दूसरे से नहीं मिल पाने वाले युवक-युवतियों को आसानी हुई। अवनीश तिवारी ने बताया कि उनका दोस्त महाराष्ट्र में है। सोशल मीडिया पर ही इजहार करना पड़ा। गुलाब के अलावा युवाओं ने चॉकलेट्स भी खरीदी। युवाओं ने गुलाब के साथ ही चॉकलेट के बुके भी बनवाए। हालांकि गुलाब खरीदने वालों की संख्या ज्यादा रही।