अमेठी। स्थानीय ब्लॉक के परसावां गांव स्थित सेंटमेरीज इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में प्रधानाध्यापक बिंदु त्रिपाठी की अगुवाई में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त बनाने को लेकर प्रदर्शनी एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जीजीआईसी प्रधानाचार्य डॉ. फूलकली ने किया।
डॉ. फूलकली ने कहा कि हमें पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करना होगा। आज इस आधुनिकता की चकाचौंध और प्रदूषण के चलते मनुष्यों के साथ ही जीव जंतु विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। स्वच्छ पर्यावरण एवं अच्छे स्वास्थ्य के लिए हमें प्रकृति की ओर लौटना ही होगा, तभी बेहतर जीवन संभव होगा।
विशिष्ट अतिथि सेंट जोसेफ कॉलेज लखनऊ के प्रधानाचार्य ग्रैसियस जोसेफ ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के साथ ही अंधाधुंध पेड़ों का कटान, जहां पर्यावरण को असंतुलित कर रहा है, वहीं मशीनीकरण के युग में मनुष्य पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त करने के बजाए प्रदूषण युक्त बना रहा है। जो आने वाले भविष्य के लिए खतरनाक साबित होगा।
विद्यालय प्रबंधक पीजे थॉमस ने कहा कि कोविड-19 के दौरान लोगों ने स्वच्छ पर्यावरण का महत्व समझा। लोग शहर से पलायन कर गांव आए। उन्होंने मौजूदा लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की अपील की।
विद्यालय परिसर में आयोजित प्रदर्शनी के दौरान छात्र छात्राओं ने मॉडल बनाकर प्रदूषण के प्रकार और प्रदूषण को कैसे कम करें अथवा दूर करके पर्यावरण की रक्षा करने को जागरूक किया। मौके पर सरला, रणवीर यादव, शिवम शुक्ल, साधना, बीनू, प्रिया श्रीवास्तव, राखी, आंचल, आयुषी, मनाली सिंह, तान्या, शगुन उपाध्याय, सरगम व अंशिका आदि मौजूद रहे।