अमेठी। महिला सशक्तिकरण के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार ने अब प्रत्येक ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिए पिंक सामुदायिक प्रसाधन भवन निर्मित कराने का निर्णय लिया है। प्रत्येक प्रसाधन निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की लागत निश्चित करते हुए पहला चरण शुरू करा दिया गया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत प्रसाधन भवनों का निर्माण पूरा कराकर गांवों को ओडीएफ घोषित करने के बाद सरकार ने सभी पंचायतों में सामुदायिक प्रसाधन भवनों का निर्माण कराना शुरू कराया है।
इस बीच महिला सशक्तिकरण के तहत महिलाओं के स्वालंबन के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार ने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में तीन लाख रुपये की लागत से पिंक प्रसाधन भवन निर्माण कराने का निर्णय लिया है।
इन प्रसाधनों का उपयोग सिर्फ गांव की महिलाएं ही करेंगीं। जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन आरपी सिंह ने बताया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों को सामुदायिक प्रसाधन भवन दिया गया है।
तकरीबन गांवों में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। कहा कि शासन की ओर से 153 पिंक प्रसाधन भसन निर्माण की राशि मिलने के बाद उसे ब्लॉकवार आवंटित करते हुए अविलंब निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
कहा कि इसमें से 2.10 लाख रुपये केंद्र सरकार तो 90 हजार रुपये ग्राम पंचायतों को 14वें व 15वें वित्त आयोग के खाते से लगाना होगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पिंक प्रसाधन का उपयोग सिर्फ गांव की महिलाएं ही करेंगी।
इसके तहत बाजार शुकुल ब्लॉक की ग्राम पंचायत बूबूपुर, काजीपुर, पारा, जलाली बलापुर, इक्काताजपुर, निहालगढ़, सैदापट्टी, सरैयापीरजादा, गयासपुर, इंदरिया, मरदानपुर, ऊंचगांव, नीमपुर, दारानगर , समेत 17 ग्राम पंचायतों को केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली 2.10 लाख की राशि उपलब्ध करा दी गई है।