अमेठी। ठंड से जिले में लोगों को परेशानी से बचाने के लिए बचाव प्रबंध की हकीकत देखने शनिवार रात डीएम अचानक निकल पड़े। असैदापुर स्थित रैन बसेरा पहुंचे डीएम ने मौजूद लोगों से सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें कंबल व भोजन वितरित किया।
निरीक्षण के बाद डीएम ने अफसरों को रात्रि में भ्रमणशील रहकर सड़क के किनारे रहने वालों को आश्रय केंद्र तक पहुंचाते हुए जिले में कंबल वितरण व अलाव का समुचित प्रबंध सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
दिसंबर व जनवरी माह में पड़ने वाली भीषण ठंड में रात में कोई बाहर निवास नहीं कर सके तथा ठंड से किसी की मौत नहीं हो इसके लिए जिला प्रशासन ने चारों निकाय में रैन बसेरा स्थापित करा दिया है।
पिछले दिनों गौरीगंज में दो, अमेठी, जायस व मुसाफिरखाना में एक-एक रैन बेसरा संचालित कराया गया। शनिवार रात अचानक डीएम अरुण कुमार ठंड से बचाव की हकीकत परखने क्षेत्र में निकले पड़े।
असैदापुर स्थित जिला नगरीय विकास अभिकरण की ओर से तैयार तथा नगर पालिका परिषद की ओर से संचालित स्थायी रैन बसेरा पहुंचे। रैन बसेरा में मौजूद लोगों को कंबल व भोजन वितरित करते हुए सुविधाओं की जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के बाद डीएम ने सभी एसडीएम को प्रतिदिन अपने-अपने तहसील अंतर्गत संचालित रैन बसेरों का निरीक्षण करने, रैन बसेरों में समस्त मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराते हुए ठंड में बस स्टेेशन, फुटपाथ, सड़क के किनारे रहने वाले व्यक्तियों को रैन बसेरे में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।
डीएम ने भीषण ठंड में जगह-जगह अलाव जलाने तथा गरीब, असहाय, निर्धन लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एसडीएम गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य, तहसीलदार घनश्याम भारतीय, ईओ नगर पालिका गौरीगंज सुजीत कुमार समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।