अमेठी। कोविड-19 लॉकडाउन अवधि में लोगों को राशन की परेशानी से बचाने के लिए कोटे की दुकान से निशुल्क राशन के साथ चना वितरित किया जा रहा है। अगस्त माह में चने की आपूर्ति नहीं होने से वितरण नहीं हो सका था। सितंबर माह में दोनों माह के लिए चने का आवंटन मिलने के बाद पूर्ति विभाग ने अगस्त व सितंबर माह के लिए प्रतिकार्ड दो किलोग्राम चना के साथ प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन निशुल्क वितरित करने का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमण कॉल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत कोटे की दुकान से उपभोक्ताओं को निशुल्क राशन व चना वितरित किया जा रहा है। अगस्त माह में चने की आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं में इसका वितरण नहीं हो सका।
विभाग की मांग पर शासन ने सितंबर माह में दोनों माह के चने का आवंटन विपणन गोदामों पर कर दिया है। चने का आवंटन मिलने के बाद पूर्ति विभाग ने ग्राम पंचायतवार आवंटन तैयार करते हुए कोटेदारों को पत्र जारी किया है।
पत्र में सितंबर माह के दूसरे चक्र में 21 से 30 सितंबर तक वितरित होने वाले निशुल्क राशन के साथ प्रति कार्ड दो किलोग्राम चना वितरित करने का निर्देश दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि दूसरे चक्र में वितरण के दौरान प्रति यूनिट तीन किलाग्राम गेहूं व दो किलोग्राम चावल के साथ प्रति कार्ड दो किलोग्राम चना निशुल्क वितरित होगा। वितरण में अनियमिता बरतने की दशा में कोटेदारों के खिलाफ केस दर्ज कराने को कहा गया है। डीएसओ ने बताया कि सिर्फ सितंबर माह में ही प्रति कार्ड दो किलोग्राम चना वितरित किया जाएगा।