अमेठी सिटी। पति की दीर्घायु के लिए रखा जाने वाला करवाचौथ व्रत रविवार को मनाया जाएगा। व्रत की तैयारियों को लेकर शनिवार को सुहागिनों में जबरदस्त उत्साह दिखा। साड़ियों, श्रृंगार, सराफा और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुहागिनों का तांता लगा रहा। ब्यूटी पार्लर पर बाकायदा नंबर लगाए गए थे। महंगाई के बावजूद महिलाओं ने खरीदारी में कोताही नहीं बरती।
गौरीगंज, अमेठी, मुंशीगंज, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, जायस, मोहनगंज व इन्हौना सहित जिले में सभी बाजार शनिवार को करवाचौथ व्रत को लेकर गुलजार रहे। खासतौर पर साड़ियों और सुहाग की चीजों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। भीड़ के कारण मोलभाव के बजाए महिलाओं ने पसंद को तवज्जो दी। जिसे जो अच्छा लगा, उसने खरीदा। सजने-संवरने व मेहंदी रचाने के लिए ब्यूटी पार्लरों पर बाकायदा महिलाओं के नंबर लगा रखे थे। चूड़ियों और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर तिल रखने की जगह नहीं थी।
डिजाइनर चूड़ियां महिलाओं की पहली पसंद रहीं। हालांकि सभी सामानों पर महंगाई का असर भी दिखा। पिछले साल की तुलना में सामानों के दाम 10 से 25 रुपये तक महंगे रहे। यही हाल साड़ियों की दुकानों का रहा। महिलाओं ने प्रिंटेड, कढ़ाई एवं जरीदार साड़ियों की जमकर खरीदारी की। ज्वेलरी में पायल, बिछुआ, डिजाइनर चेन, डिजाइनर अंगूठी की मांग अधिक रही।
पूजा सामग्री में महिलाओं ने डिजाइनर थालियों की खरीदारी की। कपड़ा व्यवसायी आनंद कुमार बरनवाल ने बताया कि प्रिंटेड, कढ़ाई एवं जरीदार साड़ियों ने महिलाओं को खूब लुभाया। करवाचौथ व्रत की तैयारियों में जुटीं पूजा सिंह, पूनम पांडेय, गुड़िया गुप्ता, सरिता कसौंधन, सुमन ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष सभी सामानों के दाम बढ़े हैं, लेकिन खरीदारी में कोई कमी नहीं की।