गौरीगंज (अमेठी)। मतगणना के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं हो इसके लिए पुलिस महकमे ने तगड़े बंदोबस्त किए हैं। मतगणना हॉल तक तीन पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं। तीनों पोस्ट पर सघन तलाशी के बाद ही प्रत्याशी/एजेंट मतगणना हॉल तक पहुंच सकेंगे।
निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतगणना कराने के लिए पुलिस महकमे ने कड़ा बंदोबस्त किया है। मतगणना कक्ष से परिसर के सौ मीटर बाहर तक तीन चेक पोस्ट बनाए गए हैं। मतगणना कक्ष तक जाने वाले समस्त प्रत्याशी व उनके एजेंटों की इन पोस्टों पर सघन तलाशी ली जाएगी।
भीतर जाने वाला कोई भी व्यक्ति सिर्फ पेन और डायरी ही अंदर ले जा सकेगा। एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि ब्लॉकवार चिह्नित मतगणना केंद्र के प्रवेश गेट से सौ मीटर पहले बैरियर बनाया गया है। पहले बैरियर पर पुलिस अधिकारी के साथ पर्याप्त मात्रा में नागरिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
यहां से उन्हीं को भीतर जाने दिया जाएगा जिनके पास निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी पास होगा। विद्यालय गेट पर बने दूसरे चेक पोस्ट पर व पीएसी व महिला पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। यहां भीतर जाने वालों की सघन तलाशी ली जाएगी। यहां से किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं ले जाने दिया जाएगा। मतगणना कक्ष के गेट पर तीसरा चेक पोस्ट होगा। तीसरे चेक पोस्ट पर विशेष सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी।
मतगणना शुरू होने के बाद दो सौ मीटर के दायरे को पूरी तरह से खाली करा दिया जाएगा। इस परिधि के भीतर स्थित सभी प्रकार की दुकानें (मेडिकल सेवा को छोड़कर) बंद रहेंगी। जगह-जगह भीड़ नहीं जमा हो इसके लिए कई पुलिस मोबाइल टीम मतगणना समाप्ति तक भ्रमणशील रहेगी।
हर कक्ष में तैनात होंगे दरोगा
मतगणना कक्ष में किसी प्रकार का बवाल नहीं हो इसके लिए भी पुलिस महकमे ने कड़ा बंदोबस्त किया है। ब्लॉकों के न्याय पंचायतवार मतगणना कक्षों में एक-एक उपनिरीक्षक तथा टेबलवार एक-एक सिपाही तैनात किए गए हैं। यह फोर्स मतगणना समाप्ति तक हॉल में मौजूद रहेगी।
सुरक्षा बलों की सुरक्षा में निकलेगी मतपेटी
स्ट्रांग रूम से मतगणना हाल तक गिनती के लिए लाई जाने वाली सुरक्षा बलों की निगरानी में निकलेगी। एक एसआई व दो सिपाही मतपेटिका लाने व गिनती होने के बाद उसे स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने वालों के साथ रहेंगे। एसपी ने बताया कि स्ट्रांग रूम से मतगणना हॉल तक बैरिकेडिंग कर एक अलग रास्ता बनाया जाएगा।
परिसर में उपलब्ध रहेगी चिकित्सा सुविधा
आयोग के निर्देश पर कोविड संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत सभी मतगणना परिसर में स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए डीएम अरुण कुमार ने सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे को निर्देश दिया था। डीएम के आदेश पर सीएमओ ने सभी मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग के लिए तो परिसर में डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की टीम आधुनिक सुविधाओं से लैस एंबुलेंस व पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध रहेंगी।