- दो जोन और 10 सेक्टर में बांटा गया जिला
फोटो 15
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। जिले में आज और कल होने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले कई स्तर की जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशासन ने पूरे जिले को दो जोन और 10 सेक्टर में बांटा है। प्रत्येक क्षेत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। ये अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था की निगरानी करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने पर ध्यान देंगे। जिन शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां ऑनलाइन सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई है। जिले के तीन दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को पहुंचाने के लिए निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है। किसी अभ्यर्थी को केंद्र पहुंचने में कोई भी परेशानी हो तो वह नजदीकी थाने में संपर्क कर सकता है। वहां से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद दी जाएगी।
कंट्राेल रूम से होगी निगरानी
पुलिस कार्यालय परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहीं से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। 370 पुलिसकर्मी ड्यूटी संभालेंगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गौरीगंज में रेलवे स्टेशन के पास और ब्लॉक परिसर में, अमेठी रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर रैन बसेरे बनाए गए हैं, जहां अभ्यर्थियों को रुकने की सुविधा मिलेगी।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
परीक्षा केंद्र पर आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य।
निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचना आवश्यक।
120 मिनट में 160 वस्तुनिष्ठ प्रश्न हल करने होंगे।
प्रत्येक सही उत्तर पर 2.5 अंक निर्धारित।
व्हाइटनर, इरेजर और ब्लेड का प्रयोग प्रतिबंधित।
केंद्रवार अभ्यर्थियों की संख्या
गांधी इंटर कॉलेज कारारी लग्छनशाह - 240
श्री गोपाल इंटर कॉलेज पंडरी - 240
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमेठी - 240
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज - 240
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जामों - 240
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहगढ़ - 240
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना - 480
श्री रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज - 480
श्री रणवीर इंटर कॉलेज अमेठी - 720
रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अमेठी - 480
पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी परीक्षा
पुलिस अधीक्षक सरवण टी ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।