अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में नौ दिवसीय मेले में मंगलवार को उद्यमियों व टीबी मुक्त पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। मेले में सूचना, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, जल जीवन मिशन, बैंकिंग और कौशल विकास विभागों ने स्टॉल लगाए हैं।
इन स्टॉलों पर लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। सूचना विभाग की चित्र प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सातवें दिन उद्योग, व्यापार व रोजगार दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएम संजय चौहान ने उद्यमी व व्यापारी हेमंत विक्रम सिंह, राजीव शुक्ला, रामहेत, समीर कुरेशी, कौशल, हिमांशु कौशल, गिरिराज प्रकाश, जिया उल हक, प्रतिमा सिंह और हरिकेश श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं विश्व क्षय रोग दिवस पर जिले की 144 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और गांधीजी की प्रतिमा भेंट की गई। साथ ही 25 टीबी रोगियों को पोषण पोटली भी वितरित की गई। इस दौरान 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान का भी शुभारंभ किया गया।