अमेठी सिटी। सुबह सात बजे का वक्त, गौरीगंज के मनीषी महाविद्यालय के सामने परीक्षार्थियों की कतार लगी हुई थी। तिलोई से आई सुषमा व व प्रतिभा आपस में परीक्षा पर चर्चा कर रही थी। पूछा गया कि अगर वह सिपाही बन गई तो क्या करेंगी, जवाब मिला कि सबसे पहला काम होगा थाने पर आने वाला हर पीड़ित इस तरह संतुष्ट होकर जाए कि उसे न्याय मिल गया। कुछ यही मंशा अन्य परीक्षार्थियों ने भी जाहिर की। दरअसल, रविवार को दूसरे दिन भी जिले के आठ केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा कराई गई। परीक्षा को लेकर उत्साह दिखा। दोनों पॉलियों में 7190 ने परीक्षा दी, जबकि मात्र 394 ने ही परीक्षा छोड़ी।
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लाइन लग गई। मनीषी महाविद्यालय, इंदिरा गांधी महाविद्यालय में एक-एक अभ्यर्थी की चेकिंग के बाद ही प्रवेश मिल सका। परीक्षार्थी सीटिंग प्लान में अपनी सीट खोजते नजर आए। मुख्य मार्ग तक लाइन लगी रही। शिव महेश कॉलेज में तो अलग से हाईवे किनारे लाइन लगानी पड़ी। वहीं, राजीव गांधी पॉलीटेक्निक, मंगलम महिला विद्यालय, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज, शिव महेश गर्ल्स इंटर कॉलेज, मनीषी महाविद्यालय, अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजर्षि रणजंय सिंह असल देव कॉलेज, आरआर पीजी कॉलेज में दो पाॅलियों में कराई गई। जिसमें 7584 अभ्यर्थियों में से 7190 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
इनसेट
बायोमीट्रिक जांच के बाद ही मिला प्रवेश
फोटो-21
- रीक्षार्थियों को बायोमीट्रिक जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिल सका। यहां पर अलग से कर्मी तैनात किए गए थे। मानीटरिंग सेल में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से परीक्षा पर नजर रखी गई। कंट्रोल रूम में एएसपी हरेंद्र कुमार को लगाया गया था। बताया कि कोई शिकायत नहीं आई लेकिन, केंद्रों पर तैनात अफसरों से हर 10 मिनट पर फोन करके जानकारी की गई।
अफसरों ने लिया जायजा
- डीएम निशा अनंत व एसपी डॉ. इलामारन जी ने आरआर पीजी कालेज तथा महाराजा अग्रसेन बालिका इंटरमीडिएट कालेज अमेठी पहुंचकर जायजा लिया। परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्था के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट से भी जानकारी ली।
बीमार छात्रा का सीएमओ ने किया इलाज
- दूसरी पाली में शिव महेश कॉलेज में परीक्षा दे रही एक छात्रा बीमार हो गई। इसकी जानकारी तत्काल प्रशासनिक अफसरों को दी गई। इस पर सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने पहुंचकर उसका इलाज किया। बताया कि छात्रा को चक्कर आ रहा था। दवाएं दी गई। इससे वह स्वस्थ हो गई। बाद में उसने परीक्षा दी।
कुल केंद्र- 8
कुल पंजीकृत परीक्षार्थी- 7584
कुल उपस्थित परीक्षार्थी- 7190
कुल अनुपस्थित परीक्षार्थी- 394