जायस (अमेठी)। स्थानीय उपकेंद्र से जुड़े पूरे बसंती गांव के लोगों को चार दिन से बिजली नहीं मिली है। आरोप है कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद लाइनमैन को सुविधा शुल्क देकर उसे बदलवाया भी गया, लेकिन दो घंटे बाद स्थिति फिर वही हो गई। परेशान उपभोक्ताओं ने जिम्मेदारों से शिकायत की।
विद्युत उपखंड जायस के पूरे बसंती मजरे अगौना गांव में बिजली आपूर्ति के लिए लगा ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद उपभोक्ताओं ने लाइनमैन से संपर्क किया। आरोप है कि लाइनमैन ने ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर सुविधा शुल्क लिया। ट्रांसफर्मर बदला गया, लेकिन दो घंटे बाद ही वह दोबारा फुंक गया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने दोबारा लाइनमैन से संपर्क किया, लेकिन वह आनाकानी करने लगा। उपभोक्ता अवधेश कुमार ने बताया कि करीब 30 परिवार इसी ट्रांसफार्मर से बिजली पाते हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद चंदा एकत्र कर लाइनमैन काे पैसा भी दिया, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई।
अंजली कुमार ने बताया कि बिजली नहीं मिलने से पानी की समस्या बढ़ गई है। दूर जाकर ग्रामीणों को पानी लाना पड़ रहा है। मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्राॅनिक उपकरण चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। बताया कि आपूर्ति बाधित होने से लगभग सौ लोगों की आबादी प्रभावित है। अधिशासी अभियंता तिलोई सतेंद्र पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। ट्रांसफार्मर जल्द लगवा दिया जाएगा। लाइनमैन पर लगे आरोपों की जांच करवाई जा रही है।