अमेठी। जिला मुख्यालय स्थित शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल हो चली है। आपूर्ति के लिए लगे लोहे के अधिकांश पोल जर्जर हो चुके हैं। लोहे का पोल होने से इनमें करंट उतर रहा है तो कई जगह पोल नीचे से जर्जर हो गया है। इसके साथ ही कई स्थानों पर बिजली के झूलते तारों से हादसे की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं को दूर करना मुनासिब नहीं समझ रहे हैं। अगर यही हाल रहा तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
बांदा-टांडा राजमार्ग पर शहर में नहर पुलिया के पास एक किराना की दुकान के पास लगे बिजली के पोल में कई दिन से करंट उतर रहा है। इसकी जानकारी होने पर किराना व्यवसायी ने करंट से बचाव के लिए पोल में छह फीट की ऊंचाई तक टेप चिपका दिया है। इसके बावजूद हादसे की आशंका बनी हुई है। थोड़ा और आगे बढ़ने पर मुसाफिरखाना तिराहा आता है। यहां भी एक प्रतिष्ठान के सामने बिजली ट्रांसफार्मर लगा है।
इसके पास स्थित नल व मकान के सामने लगे स्टे तार में भी करंट उतर आता है। इससे बचने के लिए दुकानदार ने नल के हत्थे पर प्लास्टिक चिपका दिया है। दुकानदार ने मामले की शिकायत पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों से भी की। मगर अब तक इसे ठीक नहीं कराया गया। इसी के पास मुसाफिरखाना रोड पर करीब 100 मीटर की दूरी तक जर्जर तार सड़क किनारे झूल रहे हैं।
पावर कॉरपोरेशन कर्मचारियों ने झूलते तारों को लकड़ी की डंडियों से बांधकर रोक रखा है। ट्रक, बस आदि भारी वाहनों के सड़क किनारे खड़े होने से उनमें तार से करंट उतरने का खतरा बना हुआ है। शहर में बड़ौदा यूपी बैंक के सामने बिजली का एक पोल जर्जर होने से झुक गया है। इससे जुगाड़ से हाइटेंशन बिजली आपूर्ति की जा रही है। दुर्घटना न हो, इसके लिए जिम्मेदारों ने जर्जर पोल में वेल्डिंग करा दी है। इसके बावजूद पोल झुका हुआ है।
गत 17 जुलाई को शहर के वार्ड नंबर 16 नगरवा में जर्जर एचटी लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही के खिलाफ जमकर हंगामा काटा था। इसके बावजूद जिम्मेदारों ने सबक नहीं लिया। शहर में कई बिजली के पोल में करंट उतर रहा है तो जर्जर झूलते तारों से आपूर्ति की जा रही है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम गौरीगंज के अधिशाषी अभियंता आरसी पांडेय ने बताया कि शहर के जर्जर तारों को बदलने की कवायद शुरू हो गई है। इस्टीमेट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। अगर बिजली के पोल में कही करंट उतर रहा है। तो लाइनमैन भेजकर उसे ठीक कराया जाएगा।