भादर (अमेठी)। सोमवार की शाम आई तेज आंधी ने पीपरपुर के नारायणपुर फीडर से जुड़े नौ गांवों के 10 हजार लाेगों की बिजली गुल कर दी है। 48 घंटे से बिजली आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। इधर, पाॅवर कार्पोरेशन कर्मी फाल्ट खोज कर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश में जुटे हैं।
पीपरपुर पावर हाउस के नारायणपुर उपकेंद्र से अग्रेसर, सोनारी, सांगापुर, विजरा, तिवारीपुर, फतुहवा, मरूई, खरगीपुर समेत कई गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। इन गांवों की आपूर्ति सोमवार की शाम से बाधित है। बिजली ठप रहने से मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण मोमबत्ती के सहारे तो जरूरी काम निपटा रहे हैं। इधर, बिजली विभाग की लापरवाही से उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
उपभोक्ता हरिनारायण सिंह, अनूप कमार, सौरभ सिंह, भोलानाथ व पंकज सिंह ने कहा कि शीघ्र रोस्टिंग के अनुसार विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा। उपकेंद्र के जेई मो. सलीम ने बताया कि सोमवार को आई तेज आंधी से कई जगह फाल्ट हो गया था इसे ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। मंगलवार रात मेंं ट्रिपिंग व उसके बाद से हुई कटौती की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो लाइन का फाल्ट सही करा जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।