सुल्तानपुर। शहर के सिरवारा रोड पर एक खंभा अचानक टूटकर गिर गया। खंभा टूटने से मलिन बस्ती की बिजली करीब दो घंटे गुल रही। बिजली ट्रिपिंग मंगलवार रात से लेकर बुधवार दोपहर तक जारी रही।
डाकखाना उपकेंद्र से सिरवारा मार्ग को गई लाइन का एक खंभा मलिन बस्ती के पास सुबह अचानक टूटकर गिर गया। खंभा टूटने के बाद आपूर्ति बंद हो गई। अवर अभियंता ने नए खंभे की व्यवस्था कराते हुए संविदा कर्मियों को भेजकर नया पोल लगवाया। दोपहर बाद मोहल्ले की आपूर्ति बहाल हो सकी।
मंगलवार की रात से लेकर बुधवार दिन में पुलिस लाइंस के करौंदिया, केएनआई के शहरी फीडर के विनोबापुरी, शिवाजीनगर, हथियानाला, व खैराबाद में कटौती होती रही। दोपहर बाद हुई हल्की बारिश के बाद मौसम ठंडा होने पर आपूर्ति सामान्य हो सकी। मंगलवार की रात इन मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे। एक्सईएन पवन कुमार ने बताया कि बिना लोड बढ़वाए लोगों की ओर से एसी चलाए जाने से ओवर लोडिंग व लो-वोल्टेज की कुछ जगहों पर समस्या बनी है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी।