अमेठी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान ड्यूटी के लिए नामित पीठासीन अधिकारियों के साथ ही प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान कार्मिक शुक्रवार को प्रशिक्षण के लिए बुलाए गए थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम से 84 अनुपस्थित कार्मिकों का सीडीओ ने एक दिन का वेतन काटने तथा केस दर्ज कराने का निर्देश विभागाध्यक्षों को दिया है। डीएम ने मतदान कार्मिकों को आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए निर्भीक होकर निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने को कहा।
शहर स्थित इंदिरा गांधी महाविद्यालय व मनीषी महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को दो पालियों में तीन हजार मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित करने के लिए बुलाया गया था। पहली पाली में 40 तो दूसरी पाली में 44 लोग नदारद रहे। नाराज सीडीओ ने नदारद सभी कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही केस दर्ज कराने का निर्देश विभागाध्यक्षों को दिया है। प्रशिक्षण के पहले दिन मास्टर ट्रेनरों ने नामित मतदान कार्मिकों को दो पाली में प्रशिक्षण दिया। सभी कक्ष में दो-दो मास्टर ट्रेनर लगाए गए थे। मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षण में बैलेेट बॉक्स सील करने, मॉक पोल कराने, मतदान अभिकर्ता बनाने समेत सभी प्रपत्र तैयार करने की जानकारी दी।
चुनाव के दौरान निर्वाचक नामावली का मतदान केंद्र पर अवलोकनार्थ प्रदर्शन करने, बैलेट बॉक्स सील करते समय व चुनाव के दौरान प्रयोग होने वाले प्रपत्रों को भरने के साथ ही प्रशिक्षुओं को आयोग के दिशा-निर्देश के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान डीएम अरुण कुमार, मतदान कार्मिक प्रभारी सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, डीडीओ प्रदीप कुमार पांडेय प्रशिक्षण वाले कक्षों में पहुंचकर पीठासीन अधिकारियों तथा अन्य मतदान कार्मिकों को आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए निर्भीक होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया।