अमेठी। संग्रामपुर के टीकरमाफी गांव निवासी निर्मल कश्यप (60) की हत्या का मामला खुलासे के करीब है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद कुछ संदिग्धों की पहचान की है। सूत्रों के अनुसार पुलिस टीमों ने आरोपियों की लोकेशन का पता लगा लिया है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की जड़ पारिवारिक विवाद से जुड़ी थी। दीपावली के दिन पेड़ की डाल काटने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उसी दौरान एक परिचित मिठाई लेकर सतना के घर पहुंचा था, जहां परिवार के कुछ सदस्यों के बीच पुराने झगड़े की चर्चा हुई। इसी दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग को सबक सिखाने की साजिश रची।
शाम को जब निर्मल अकेले साइकिल से घर लौट रहे थे तो गुंगवाछ गांव के पास उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि जांच में अब तक मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट है कि हत्या पारिवारिक रंजिश का परिणाम थी। सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और कुछ की लोकेशन भी ट्रेस कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की पूरी कहानी सामने आ चुकी है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
यह था मामला
संग्रामपुर के टीकरमाफी गांव निवासी निर्मल कश्यप की बृहस्पतिवार शाम गुंगवाछ गांव के पास लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई धर्मराज कश्यप की तहरीर पर पुलिस ने दो बहनों, भांजी, बहन के दामाद और एक पड़ोसी के खिलाफ हत्या व साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।