शाहगढ़/भादर। मामूली विवाद के चलते हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल भदावं कल्याणपुर गांव निवासी भवानीफेर मौर्य (76) ने बृहस्पतिवार सुबह दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन शव लेकर पीपरपुर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक के बेटे राघवेंद्र ने बताया कि उनके पिता कृषि विभाग से सेवानिवृत्त थे। 15 सितंबर को खेत में काम करते समय गप्पू और गुड्डू यादव से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडा और धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता को पहले सीएचसी भादर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल और फिर गंभीर हालत को देखते हुए रायबरेली एम्स रेफर किया गया। करीब 10 दिन इलाज के बाद बुधवार को डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।
इसके बाद परिजन उन्हें लखनऊ स्थित आवास पर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे जब परिजन उन्हें पैतृक गांव ला रहे थे, तभी हरचंदपुर के पास लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर रामराज कुशवाहा ने बताया कि भवानीफेर की मौत की जानकारी मिली है। पहले से दर्ज केस की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।