गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 संक्रमण जिले में कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार देर रात प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में लखनऊ से जगदीशपुर आया अधेड़ कोरोना संक्रमित मिला तो 12 लोग इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गये। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत कार्य करने के लिए संयुक्त टीम गठित कर दी है।
पांच मई से शुरू प्रवासी श्रमिकों के कोरोना संक्रमित होने का सिलसिला जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। शासन के निर्देश पर कोरोना संक्रमित की पहचान कर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए संक्रमण मुक्त बनाने के लिए 29 व 30 जुलाई को विभिन्न स्थानों से कराई गई 604 व्यक्तियों की सैंपलिंग की रिपोर्ट बृहस्पतिवार देर रात जिला प्रशासन को मिली।
रिपोर्ट में 603 के निगेटिव होने के साथ ही जगदीशपुर के भनौली गांव में लखनऊ से आया एक अधेड़ कोरोना संक्रमित मिला तो 12 कोरोना संक्रमित के स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीज के गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटाकाल के तहत बचाव कार्य के लिए टीम गठित की है।
डीएम के निर्देश पर गठित टीमें शुक्रवार को गांव की सीमा सील करते हुए सैनिटाइजर छिड़काव, थर्मल स्क्रीनिंग व संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की सूचना संकलित करते हुए संभावित लोगों की सैपलिंग कराने की जुट गईं। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 447 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से 366 उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में दो की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 79 मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।