अमेठी सिटी। सहायक अध्यापक बनने का सपना लेकर घूम रहे युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर आठ लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित धर्मेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर मुसाफिरखाना थाने में विद्यालय संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
धर्मेंद्र ने बताया कि फरवरी 2023 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी पॉलिटेक्निक मुसाफिरखाना में विद्यालय संचालक अमित द्विवेदी से हुई थी। आरोप है कि अमित ने प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार शुक्ला, निदेशक सरोज कुमार और कार्यकारी राहुल नायक के साथ मिलकर सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिया। इसके बदले में 10 लाख रुपये मांगे गए।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने नियुक्ति आदेश, कार्यभार ग्रहण पत्र और वेतन प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज उपलब्ध कराए। इन्हीं कागजात पर भरोसा कर उन्होंने बैंक से ऋण लिया और दो किस्तों में आठ लाख रुपये अमित द्विवेदी के खाते में भेज दिए। रुपये देने के बाद जब धर्मेंद्र विद्यालय पहुंचे तो उन्हें पढ़ाने नहीं दिया गया। काफी प्रयास के बाद भी आरोपियों ने नौकरी नहीं दिलाई। बाद में एक लाख 27 हजार रुपये वापस किए गए, मगर बाकी रकम लौटाने से इन्कार कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।