कमरौली (अमेठी)। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के कस्बा स्थित रोड नंबर दो मोड़ के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से ई रिक्शा पलट गया। हादसे में ई रिक्शा सवार चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है।
थाना बाजारशुकुल क्षेत्र के गोड़वा मजरे देवकली गांव निवासी ई रिक्शा चालक अलाउद्दीन (32) अपने गांव के ही रिश्तेदार खदीजा (45), अलीजा (7), नूरी फातिमा (25) व रियाजुल (39) को लेकर मंगलवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती मरीज को देखने गए थे। दोपहर बाद मरीज देखकर सभी लोग ई रिक्शा से घर जा रहे थे। रास्ते में कस्बा स्थित रोड नंबर दो मोड़ के पास सुल्तानपुर की ओर से गिट्टी लादकर जा रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में ई रिक्शा आ गया।
इससे ई रिक्शा पलट गया, जिसमें सवार चालक सहित सभी पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से ई रिक्शा को सीधा कर घायलों को निकाल कर नजदीक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां खदीजा की गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। थाना प्रभारी अभिनेष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कहा कि डंपर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया जाएगा।