जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर 20 अक्तूबर को हुए हादसे में घायल ई रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के चार दिन बाद पिता ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी श्रवण कुमार (29) ई रिक्शा चलाता था। 20 अक्तूबर को वह कमरौली थाना अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बस की टक्कर से घायल हो गया था। घायल श्रवण कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 22 अक्तूबर को अस्पताल से घर आते समय तेतारपुर के पास उसकी मौत हो गई थी। जानकारी के बाद जगदीशपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया था।
मौत के चार दिन बाद पिता सत्यनारायण ने कमरौली थाने में अज्ञात बस चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक बस चलाते हुए ई रिक्शा को टक्कर मारने का आरोप लगाया है। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।