अमेठी। ब्लॉक अमेठी की ग्राम पंचायत ताला में करीब 22 लाख की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस मिनी स्टेडियम का निर्माण होना है। मनरेगा के तहत स्वीकृत 10.8 लाख रुपये स्टेडियम की चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन जमीन विवाद में उलझने के कारण काम बंद हो गया है।
ताला स्थित श्री मुकुट नाथ इंटर कॉलेज के पीछे स्थित डेढ़ एकड़ जमीन पर मिनी स्टेडियम बनाया जाना है, लेकिन दो साल से चल रही कवायद के बाद भी यह बन नहीं सका है। अप्रैल 2022 में शिलान्यास के दो माह बाद जून में चहारदीवारी निर्माण के लिए नींव खोदाई शुरू होते ही काम बंद हो गया था। करीब 22 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम में चारों ओर बाउंड्रीवाल, दर्शक दीर्घा, कार्यालय, स्टोर रूम, रनिंग ट्रैक, ओपन जिम सेंटर, वाॅलीबॉल, टेनिस, क्रिकेट, हैंडबॉल, फुटबॉल आदि खेलों के लिए पिच बनाई जानी है। इसके साथ ही चेंजिंग रूम, प्रसाधन, लाइट समेत अन्य व्यवस्थाएं होनी हैं।
मनरेगा से चहारदीवारी निर्माण के लिए 10.8 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार हुआ। स्वीकृति के बाद गत सितंबर में ग्राम पंचायत की ओर से चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू कराया गया, लेकिन जमीन का विवाद सामने आने से फिर काम रुक गया। पैमाइश के दौरान निर्माण स्थल पर रास्ते की जमीन निकल रही है। इसके बाद बीडीओ ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। इस संबंध में ग्राम प्रधान मनोज शुक्ला ने बताया कि चहारदीवारी का निर्माण कार्य बंद है। खड़ंजा बना हुआ है। उसी के बगल चहारदीवारी बनाई जा रही है। निर्माण कार्य बंद है।
जमीन का है विवाद
खंड विकास अधिकारी विनय वर्मा ने बताया कि मनरेगा के तहत मिनी स्टेडियम की चहारदीवारी का निर्माण कार्य हो रहा था। जमीन का विवाद सामने आने के बाद काम बंद कर राजस्व विभाग की ओर से जांच की जा रही है। निस्तारण होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।