अमेठी। ऐतिहासिक भरत मिलाप और दुर्गा पूजा को लेकर दुर्गा पूजा एवं रामलीला समेत अन्य कमेटियां उहापोह की स्थिति में हैं। नवरात्र शुरू होने में सिर्फ चार दिन शेष हैं। बावजूद इसके स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई गाइडलाइन जारी न होने के कारण तैयारियां शुरू नहीं हो सकी हैं।
शहर का ऐतिहासिक भरत मिलाप और दुर्गा पूजा कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष जिले के साथ आसपास के जिलों में चर्चा का केंद्र बना रहता है। दुर्गा पूजा और भरत मिलाप कार्यक्रम को लेकर एक माह पूर्व से ही विभिन्न समितियां व कमेटियां तैयारी में जुट जाती थीं। लेकिन इस बार कोविड-19 संक्रमण के चलते कोई गाइड लाइन न मिलने के चलते पूजा समितियां व कमेटियां असमंजस की स्थिति में हैं।
दो दिन पूर्व समाचार पत्रों में दुर्गा पूजा एवं रामलीला कार्यक्रम को लेकर खबर छपने के बाद दुर्गा पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटियों ने तैयारी का मन बनाया। लेकिन स्थानीय प्रशासन स्तर पर पूछताछ करने के बाद उन्हें निराशा हाथ लगी। हालांकि दुर्गा पूजा समितियों द्वारा स्थानीय प्रशासन से दुर्गा पूजा झांकियां सजाने के लिए अनुमति के संबंध में पत्राचार भी किया है।
दुर्गा पूजा संचालन समिति अमेठी के संयोजक हरिशंकर जायसवाल ने बताया कि दुर्गा पूजा झांकियां सजाने के संबंध में कोई गाइडलाइन नहीं मिली है। समितियों की ओर से अनुमति के संबंध में स्थानीय प्रशासन को पत्र दिया जा रहा है। एसडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा को लेकर अभी कोई गाइडलाइन नहीं मिली है। जिला प्रशासन द्वारा गाइडलाइन जारी होने के बाद बैठक कर जानकारी दी जाएगी।