अमेठी। स्थानीय थाने के मिसरौली के पास शुक्रवार सुबह अनियत्रित डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने कार्रवाई व नियमानुसार आर्थिक सहायता का आश्वासन देकर आक्रोशित ग्रामीणों को शंात कराया। पुलिस केस दर्ज कर डंपर व चालक की तलाश में जुटी है।
संग्रामपुर थाने के मिसरौली गांव निवासी महेश पाल(18) शुक्रवार सुबह बाइक से सामान लेने बाजार जा रहा था। वह जगदीशपुर-प्रतापगढ़ मार्ग पर मिसरौली तिराहे के पास पहुुंचा था कि सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में महेश की मौके पर ही मौत हो गई तो डंपर चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। महेश की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को मार्ग के बीच में रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करते हुए अफसरों को मौके पर बुलाने पर अड़ गए।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसडीएम योगेंद्र सिंह व सीओ अर्पित कपूर ने ग्रामीणों को कार्रवाई व नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
ग्रामीणों के शांत होने के बाद पुलिस ने महेश के पिता बुधिराम की तहरीर पर केस दर्ज करने के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर डंपर व उसके चालक की तलाश की जा रही है।