अमेठी सिटी। मौसम में बदलाव से जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की कतार लग रही है। सोमवार को बारिश के बावजूद ओपीडी में 766 मरीज पहुंचे, जिसमें बुखार के 375 मरीज रहे। चिकित्सकों ने दवा देने संग बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह मरीजों को दी।
बारिश व उमस भरी गर्मी के बीच लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं। ओपीडी में बुखार, जुकाम, खांसी, पेट दर्द से पीड़ित मरीज ज्यादा आए। इसके अलावा सभी 13 सीएचसी व पीएचसी पर मरीजों की भीड़ रही। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को 766 नए मरीजों का ओपीडी में पंजीकरण हुआ, जिसमें बुखार के 375, खांसी के 73, ठंड लगने से बुखार के 71, जुकाम के 65, पेट दर्द व लूज मोशन के 118, डायरिया के 11 और मनोरोग के 53 मरीज रहे।
बरतें ये सावधानी
फिजिशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि उमस भरी गर्मी और बारिश के दौरान जलजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है। इस समय अस्पताल में उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं, जिन्हें दवा और उपचार के साथ पानी उबालकर पीने की सलाह भी दी जा रही है। इस मौसम में मच्छर भी ज्यादा हो जाते हैं, ऐसे में सफाई का भी ध्यान रखें। ज्यादा दिनों तक बुखार आ रहा है तो तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें लापरवाही न करें।