गौरीगंज रेलवे स्टेशन का अफसरों संग निरीक्षण करते डीआरएम। संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने बृहस्पतिवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा पहुंचे। वह विशेष बोगी से प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंचे और सीढ़ियों के रास्ते प्लेटफार्म एक पर आए। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने प्लेटफार्म पर बिजली के तार लटकते देखे तो नाराज हो गए। उन्होंने तत्काल तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि स्थिति को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।
इस बीच स्टेशन पर मौजूद कुछ यात्रियों ने डीआरएम से पेयजल और प्रसाधन की सुविधा को लेकर अपनी परेशानी साझा की। यात्रियों की बात सुनकर डीआरएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब मांगा, लेकिन वे एक-दूसरे की ओर देखने लगे और ठोस जवाब देने से बचते रहे। इस पर डीआरएम ने नाराजगी जताई और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करते हुए स्टेशन पर वाटर कूलर लगाने का निर्देश दिया।
डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा और संरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूरा करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, रेल पथ, साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल की। कई जगहों पर कमियां मिलने पर उन्होंने जिम्मेदारों को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय वरिष्ठ परिचालक प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी, रेल पथ निरीक्षक राजेश कुमार, स्टेशन मास्टर अविनाश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।