अमेठी सिटी। परीक्षा देकर लाइसेंस के इंतजार में बैठे अभ्यर्थियों को डीएल के लिए कुछ दिन और सब्र करना होगा। डीएल बनाने वाले साफ्टवेयर में तकनीकी समस्या आने से लाइसेंस की डिलिवरी पर शासन की ओर से रोक लगा दी गई है। अभ्यर्थियों को लाइसेंस के लिए इंतजार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
परिवहन विभाग की ओर से वाहन चलाने के लिए लाइसेंस सहित अन्य कार्य ऑनलाइन कर दिए गए हैं। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस के साथ आवेदन आदि कार्य के लिए सारथी पोर्टल बनाया गया है। जून माह के प्रथम सप्ताह में सारथी पोर्टल को अपडेट करके नया वर्जन लाया गया। जिससे सिस्टम तेजी से काम करे। लेकिन साफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कत आने से 31 मई के पहले की डीएल की डिलिवरी रुक गई है। 31 मई के पहले वाले अभ्यर्थियों को लाइसेंस के लिए इंतजार करना होगा। जिले में ऐसे 350 से अधिक अभ्यर्थी होंगे, जिनका लाइसेंस फंसा है।
एआरटीओ सर्वेश सिंह ने बताया कि परीक्षा और अन्य कागजी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। डीएल डाक के माध्यम से सीधे अभ्यर्थियों के घर आता है। उसमें यहां के स्तर से कुछ नहीं होता है।