शाहगढ़। गौरीगंज के दयालापुर गांव निवासी चालक रोहित (34) शनिवार सुबह एसीसी सीमेंट फैक्टरी के परिसर में ट्रक के केबिन में बेसुध मिले। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल रोहित की मौत को लेकर किसी पर आरोप नहीं लगाए गए हैं।
गौरीगंज के अत्तानगर गांव निवासी उमाशंकर ने बताया कि उनका ट्रक रोहित चलाता था। बृहस्पतिवार शाम रोहित ट्रक लेकर सीमेंट लोड करने सीमेंट फैक्टरी टिकरिया गया था। शनिवार को नंबर आने पर कंपनी की ओर से चालक को बुलाया गया, लेकिन उसने जवाब नहीं दिया। कंपनी की ओर से ये बात उन्हें बताई गई। वह ट्रक के पास पहुंचे और आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पुलिस कर्मियों ने परिजनों की मौजूदगी में केबिन का दरवाजा तोड़ा तो रोहित बेसुध मिला। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि रोहित के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन कोई तहरीर देते हैं तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।