बाजारशुकुल (अमेठी)। कमरौली थाना क्षेत्र में सौना मोड़ के पास सोमवार की भोर मिट्टी ढुलाई में लगी ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। चीख-पुकार पर पहुंचे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के भाले निहालगढ़ सैदापट्टी गांव निवासी ट्रैक्टर चालक कन्हैयालाल (30) रविवार की रात मिट्टी ढुलाई के काम में लगा था। सोमवार की भोर कमरौली थाना क्षेत्र के सौना गांव मोड़ के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में कन्हैयालाल ट्रैक्टर के नीचे दब गया। चीख-पुकार पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए कन्हैयालाल को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि कन्हैयालाल ट्रैक्टर ट्राॅली के स्वामी भी थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
पति का शव देख अचेत हुई पत्नी
पति का शव देखते ही पत्नी कविता अचेत हो गईं। कन्हैयालाल के पिता की कुछ दिन पहले ही मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद परिवार उन्हीं पर आश्रित था। पुत्र की मौत पर मां मुराता बिलख रही हैं। उनके दो बेटे पप्पू व सतीश परदेस में रहते हैं। कन्हैयालाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। कन्हैयालाल की मौत से बेटियों दिव्यांशी व रिमझिम के सिर से पिता का साया उठ गया है।